11 Mach 2026| देश की सार्वजनिक क्षेत्र की अग्रणी इस्पात उत्पादक महारत्न कंपनी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) ने वित्त वर्ष 2025–26 के अप्रैल से फरवरी (11 माह) की अवधि में अब तक की अपनी सर्वोच्च बिक्री दर्ज की है। इस अवधि में कंपनी ने कुल 18.24 मिलियन टन (एमटी) इस्पात की बिक्री की, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 14 प्रतिशत अधिक है।
इसी दौरान कंपनी ने 1.11 लाख करोड़ रुपये का अब तक का सर्वाधिक नकद संग्रह (कैश कलेक्शन) भी हासिल किया, जिसमें सालाना आधार पर 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी के अनुसार, इस उपलब्धि में रिटेल बिक्री, स्टॉकयार्ड बिक्री और डोर-डिलीवरी व्यवस्था में हुए उल्लेखनीय सुधार का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जो उसके ग्राहक-केंद्रित दृष्टिकोण को दर्शाता है।
फरवरी 2026 की प्रमुख उपलब्धियां
फरवरी 2026 में कंपनी ने 1.58 मिलियन टन इस्पात की कुल बिक्री दर्ज की। इस दौरान जनवरी 2026 की तुलना में इन्वेंट्री में 1.05 लाख टन की कमी आई, जबकि कंपनी ने अपने कुल कर्ज (बॉरोइंग्स) में 1000 करोड़ रुपये की कटौती भी की।
चेकर्ड प्लेट्स chequered plates का उत्पादन फिर शुरू
बाजार की मांग को ध्यान में रखते हुए सेल ने चेकर्ड प्लेट्स का उत्पादन फिर से शुरू कर दिया है। पहली बार झारखंड स्थित बोकारो स्टील प्लांट से चेकर्ड प्लेट्स का उत्पादन किया जा रहा है, जिससे विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों की विशेष जरूरतों को पूरा किया जा सकेगा।
प्रबंधन की प्रतिक्रिया
इस उपलब्धि पर टिप्पणी करते हुए सेल के निदेशक (वित्त) एवं निदेशक (वाणिज्यिक) का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे डॉ. ए.के. पांडा ने कहा कि कंपनी बाजार की बदलती परिस्थितियों के अनुरूप खुद को ढालते हुए आगे बढ़ने के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने कहा, “इन्वेंट्री और वर्किंग कैपिटल के प्रभावी प्रबंधन के माध्यम से हम मजबूत वित्तीय अनुशासन का परिचय दे रहे हैं। हमारी रिकॉर्ड बिक्री और नकद संग्रह हमारे ग्राहकों के विश्वास का प्रमाण है।”
PIB
